चुनाव परिणाम आने के बाद भिड़े भाजपा, कांग्रेस कार्यकर्ता, मुकदमा दर्ज

ख़बर शेयर करें

अल्मोड़ा। चुनावी परिणाम आने के बाद शनिवार को सोमेश्वर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच मामला मारपीट तक पहुंचने के बाद दोनों पक्ष के लोगों ने पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

मतगणना परिणाम निकलने के बाद शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता सोमेश्वर में विजय जुलूस निकाल रहे थे। इस दौरान कुछ आतिशबाजी भी की गई। शनिवार को कांग्रेस के कई कार्यकर्ता सोमेश्वर चौराहे पर एकत्र होकर नारेबाजी करने लगे। उनका आरोप था कि शुक्रवार रात भाजपा कार्यकर्ताओं न उनके घर के आगे आतिशबाजी की और उनके साथ गालीगलौज भी की। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी चौराहे पर पहुंच गए और दोनों दलों के बीच विवाद हो गया। कुछ ही देर में विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्ष एस दूसरे के साथ हाथापाई पर उतर आए इससे कुछ देर चौराहे पर जाम की स्थिति भी बनी रही। सूचना पर थाना प्रभारी अजेंद्र प्रसाद और सीओ राजन सिंह रौतेला फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। दिनदहाड़े बीच बाजार में चुनावी झगड़ा होने से मामला गंभीर हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर सौंपी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेेसियों पर गाली गलौज और मारपीट का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने कांग्रेस के तीन और भाजपा के पांच कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

You cannot copy content of this page