कोटमन्या पांखू सड़क बदहाल , नेता व विभाग के अधिकारी मरम्मत कार्य के नाम पर डकार गए लाखों रुपए, लोगों ने किया प्रदर्शन

ख़बर शेयर करें

पांखू (पिथौरागढ़)। क्षेत्रवासियों ने कोटमन्या-पांखू सड़क की दशा सुधारने की मांग की है। इसके लिए ग्रामीणों ने रविवार को शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सड़क कई जगह बदहाल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के आश्वासन पर भी इसकी दशा नहीं सुधार सकी है। लोगों ने समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है

कोटमन्या-पांखू सड़क सुधारने के लिए पुंगराऊ घाटी के लोगों ने हनुमान मंदिर के पास एकत्र होकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। सामाजिक कार्यकर्ता दीवान सिंह ने कहा कि यह सड़क धार्मिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। न्याय की देवी मां कोटगाड़ी के दर्शन के लिए इसी रास्ते से होकर भक्त मंदिर तक आते-जाते हैं। ललित जोशी ने कहा कि इस सड़क पर कई जगह इतने गड्ढे हैं कि हिचकोले खाए बिना यात्रा पूरी नहीं हो पाती। दोपहिया वाहन सवारों के गिरने का डर बना रहता है। बारिश में गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिस कारण राहगीरों का भी पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। दीपक जोशी ने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने चुनाव प्रचार के दौरान सड़क सुधारने का वादा किया था, लेकिन अब वह अपना वादा भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में सुनील जोशी, दीपक जोशी, ईश्वरी दत्त जोशी, गिरीश जोशी, बसंत बल्लभ जोशी, बसंत पाठक, विपिन पाठक, संजय पाठक, जगदीश जोशी आदि रहे।

You cannot copy content of this page