पहाड़ से लेकर तराई तक कोहरे ने बढ़ाई सर्दी, माइनस 5 तक पहुंचा तापमान

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी । कुमाऊं में शनिवार को सीजन में पहली बार पहाड़ से लेकर तराई तक कोहरा छाया रहा। पहाड़ में कड़ाके की ठंड बढ़ने लगी हैं। मुनस्यारी में पाइप लाइनों में पानी जम जाने से पेयजल आपूर्ति बाधित रही। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में तापमान माइनस 3 डिग्री तो धारचूला के दारमा व व्यास घाटी में न्यूनतम तापमान माइनस 5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में पारा 2 डिग्री रिकार्ड किया गया। मुनस्यारी में पेयजल लाइनों में पानी जमने से चोक हो गईं हैं।

कहीं लाइनें कड़ाके की ठंड से पटने लगी हैं। इस इलाके के कुछ जगहों पर पेयजल स्रोत पूरी तरह जम गए हैं। चम्पावत में सुबह के समय पाले की मोटी चादर बिछ रही है। शनिवार को दिन में हल्के बादल छाए रहे। शनिवार को चम्पावत का न्यूनतम तापमान 3.50 डिग्री और अधिकतम 6.00 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अल्मोड़ा में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में सबसे कम तापमान बिनसर का दर्ज किया गया। यहां अधिकतम पारा 8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान शून्य से 4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

इधर, नैनीताल में अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नैनीताल जिले में सबसे कम मुक्तेश्वर का पारा रहा। यहां अधिकतम तापमान 7.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री कम दर्ज किया गया। नैनीताल, भीमताल सहित अन्य अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में दोपहर के समय धूप खिली रही, लेकिन शाम होते ही ठंड में इजाफा हो गया। हल्द्वानी के आसपास क्षेत्र में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। दिन में मामूली धूप खिली और ठंड बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार हल्द्वानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊधमसिंह नगर का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे सर्द मौसम का अब तक सबसे ठंडा दिन रहा।

You cannot copy content of this page