70 साल में कांग्रेस ने देश-प्रदेश को लूटने व तोड़ने का किया काम-राजनाथ सिंह

ख़बर शेयर करें

गंगोलीहाट। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल तक देश और प्रदेश को लूटने का काम किया है। उत्तराखंड राज्य तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने बनाया और विशेष राज्य का दर्जा दिया। आज मोदी सरकार राज्य को विकसित करने के लिए काम कर रही है। भाजपा सरकार ने उत्तराखंड में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर इसका विकास किया है।

जीआईसी में हुई भाजपा प्रत्याशी फकीर राम टम्टा के समर्थन में हुई जनसभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा तय नहीं किया है जबकि भाजपा पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री का चेहरा बना चुकी है। कांग्रेस हम पर आरोप लगाती है कि पांच साल में तीन मुख्यमंत्री बदल दिए। यह भाजपा का अंदरूनी मामला है, हम तीन मुख्यमंत्री बनाएं या 10, इससे कांग्रेस का कोई लेना देना नहीं होना चाहिए।

राजनाथ सिंह कहा कि भाजपा जो कहती है उसे करके दिखाती है। भाजपा ने जनसंघ के वक्त 1951 में कहा था कि जिस दिन पूर्ण बहुमत से सरकार आएगी उस दिन जम्मू कश्मीर से 370 हटा दी जाएगी। भाजपा ने चुटकी बजाकर कश्मीर से 370 हटाई। भाजपा ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने का संकल्प लिया था। आज वहां भव्य राम मंदिर निर्माण हो रहा है। राजनाथ सिंह ने वन रैंक वन पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला गैस योजना की खूबियां गिना कर सभी वर्गों को रिझाने की कोशिश की। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह वल्दिया, जिला महामंत्री बसंत जोशी, गणेश ठाकुराठी, जय श्री पाठक, अर्चना गंगोला, मीना गंगोला, खुशाल भंडारी आदि शामिल रहे।राजनाथ सिंह ने कहा कि

अपने प्रधानमंत्रित्व काल में राजीव गांधी कहते थे कि सरकार जो भी पैसा विकास के लिए देती है, उसका 85 फीसदी हिस्सा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता है। 15 फीसदी ही वहां तक पहुंच पाता था। भाजपा की सरकार में सारा पैसा विकास कार्यों में लगाया जाता है। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कई केंद्रीय मंत्री और प्रदेश स्तर के मंत्रियों के ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। उनमें से कई जेल भी गए हैं जबकि भाजपा के एक भी नेता पर कोई आरोप नहीं है। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेसी पूरे देश से साफ हो चुकी है। कभी-कभी उत्तराखंड के लोग कांग्रेस को वोट दे देते हैं इस बार उत्तराखंड से भी यहां के विकास के लिए कांग्रेस का सफाया करना है। भाजपा प्रत्याशी फकीर राम ने कहा कि वह नेता नहीं बल्कि सेवक और चौकीदार बनकर जनता की सेवा करना चाहते हैं।

You cannot copy content of this page