उत्तराखंड कांग्रेस में ग्लैमर का तड़का, हरक सिंह रावत की बहू अनुकृति गुसाईं ने थामा कांग्रेस का दामन

ख़बर शेयर करें

देहरादून । मॉडलिंग की चमकदमक भरी जिंदगी को छोड़कर पूर्व मिस इंडिया अनुकृति अब सियासी रैंप पर नजर आने जा रही हैं। शुक्रवार को कांग्रेस का दामन थामने के साथ ही गुसाईं ने इसके मजबूत संकेत भी दे दिए। अनुकृति ने न सिर्फ कांग्रेस ज्वाइन ही नहीं की है, बल्कि उनकी लैंसडाउन विधानसभा सीट से मजबूत दावेदारी भी है। वे 2018 से ही लैंसडौन विधानसभा सीट पर काम कर रही हैं। सियासत के लिए उन्होंने ग्लैमर से भरी मॉडलिंग की दुनिया को बीच में ही छोड़ दिया है।
अब वे मॉडलिंग की दुनिया की बजाय सियासत में अपनी जगह बनाने उतरी हैं। उन्हें ससुर पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत का पूरा सहयोग मिल रहा है। अनुकृति को राजनीति में स्थापित करने को ससुर हरक ने भाजपा पर भी पुरजोर दबाव बनाया। भाजपा में बात न बनने पर हरक ने कांग्रेस का दरवाजा भी खटखटाया। भाजपा से बर्खास्त होने के बाद छह दिन उन्होंने इंतजार भी किया। ये इंतजार शुक्रवार को जाकर समाप्त हुआ।
अब कांग्रेस की विधिवत सदस्यता लेने के बाद अनुकृति की तैयारी चुनावी मैदान में उतरने की है। उन्हें कांग्रेस से लैंसडोन सीट से टिकट मिलता है या नहीं, ये कांग्रेस की लिस्ट में जाकर साफ होगा। हालांकि उनकी चुनाव को लेकर तैयारी पूरी है। वे मॉडलिंग की दुनिया की ही तरह सियासत में भी छा जाना चाहती हैं। वे सियासत को सामाजिक कार्यों को करने का एक बड़ा जरिया मानती हैं। बकौल, अनुकृति वे 2018 से न सिर्फ लैंसडोन, बल्कि पूरे राज्य में सामाजिक कार्यों में लगी हुई हैं।

You cannot copy content of this page