जीप ने दो छात्रों को रौंदा, एक की मौके पर ही मौत

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। फतेहपुर लामाचौड़ के बीच सोमवार की शाम जीप ने इंटर के दो छात्रों को रौंद दिया। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों छात्र वॉलीबाल खेलने जा रहे थे। हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक जाम लग गया।

जोशी गार्डन निवासी 19 वर्षीय मोहित बिष्ट अपने साथी लामाचौड़ पद्मपुर निवासी 20 साल के विनय शाही के साथ सोमवार शाम करीब पांच बजे स्कूटी से वॉलीबाल खेलने जा रहा था। लामाचौड़ पहुंचने पर कठघरिया से आ रही जीप ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कूटी के परखचे उड़ गए। हादसे के बाद चालक जीप छोड़कर भाग निकला। मुखानी पुलिस ने दोनों छात्रों को कालाढूंगी रोड स्थित एक अस्पताल में भेजा। जहां डॉक्टरों ने मोहित बिष्ट को मृत घोषित कर दिया। विनय का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद सड़क की दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। उपनिरीक्षक त्रिभुवन जोशी की टीम ने किसी प्रकार वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य किया। थानाध्यक्ष

कवींद्र शर्मा के अनुसार दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मोहित मूलरूप से गरमपानी का रहने वाला था। मोहित के परिजनों ने मुखानी पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस की टीमें इस मामले में जीप चालक की तलाश कर रही है। हादसे की जानकारी मिलने पर दोनों के साथी खिलाड़ी भी मौके पर पहुंच गए।

You cannot copy content of this page