दुष्कर्म मामले में घिरे विधायक नेगी डीएनए टेस्ट को तैयार

ख़बर शेयर करें

अल्मोड़ा । दुष्कर्म मामले में घिरे द्वाराहाट से भाजपा विधायक महेश नेगी ने पत्रकार वार्ता में कहा- मैं कोर्ट का सम्मान करता हूं। डीएनए टेस्ट को भी तैयार हूं। मेरे ऊपर दुष्कर्म का मुकदमा है। विरोधियों को लग रहा है कि मुद्दा उनके हाथ से निकल रहा है तो अब डीएनए की मांग करने लगे। डीएनए टेस्ट में कुछ बात होगी तो भरण पोषण देंगे।
आपको बता दें कि कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला भी पहुंच गई। उसने विधायक पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए घर के बाहर धरने की चेतावनी दे दी। काग्रेसी महिलाओं ने कहा कि विधायक अगर गलत नहीं हैं तो डीएनए टेस्ट से क्यों बच रहे हैं। इसी के बाद शुक्रवार को महेश नेगी ने पत्रकार वार्ता में अपना पक्ष रखा।
विधायक ने कहा कि गुरुवार के घटनाक्रम ने स्पष्ट कर दिया कि पूरा षड्यंत्र कांग्रेस ने ही रचा है। इसीलिए प्रदर्शन में पीड़िता को मुख्य अतिथि बनाया। असल में महिला को कोर्ट पर भी भरोसा नहीं है। इसीलिए वह लगातार साजिश रच रही है।विधायक नेगी ने कहा कि विरोधियों ने गैंग बनाया है। वे सभी उनकी हत्या भी करवा सकते हैं। परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। 2022 के चुनाव से पूर्व फर्जी वीडियो भी प्रदर्शित कर सकते हैं।
विधायक ने आरोप लगाया कि पहले दिन से ही उनसे रुपयों की डिमांड की जा रही है। खुद को कांग्रेस का शेर नेता कहने वालों ने महिला को फोन कराया कि पांच करोड़ मांगो। ढाई करोड़ हमें चाहिए। नेगी ने कहा कि वह सरकार से भी गुहार लगाएंगे। उनके खिलाफ यदि कोई सुबूत हैं तो दिखाएं। सबके सामने पर्दाफाश होना चाहिए।

You cannot copy content of this page