नगर निगम ने फुटपाथ में बने 10 अतिक्रमण तोड़े

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। जिला प्रशासन और नगर निगम का अतिक्रमण के खिलाफ अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। निगम ने बरसाती नहर वर्कशाप लाइन से रेलवे फाटक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान फुटपाथ पर बने 10 फड़ों को तोड़ा गया। उधर, छोटे व्यापारी बोले बड़े अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर निगम कब कार्रवाई करेगा।

निगम की टीम सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह और नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में प्रेम सिनेमा के पास पहुंची। टीम ने निगम के गोदाम के पास बने अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम राजस्व विभाग के आवासीय परिसर के पास पहुंची। निगम ने यहां बने फड़ के साथ ही लाइब्रेरी के पास बने एक अन्य फड़ को तोड़ दिया। ताज चौराहे से रेलवे फाटक तक अभियान चलाया गया। निगम के गोदाम के सामने बने फड़ों को अतिक्रमणकारियों की ओर से नहीं तोड़े जाने पर निगम की टीम ने इन्हें भी तोड़ दिया। लाइब्रेरी के सामने फड़ हटाने के दौरान फड़ व्यवसायियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम को बड़े अतिक्रमणकारी नहीं दिख रहे हैं। कहा कि कई बार शिकायत के बाद भी निगम अतिक्रमण नहीं तोड़ रहा है।

65 अतिक्रमणकारियों को नोटिस देने की तैयारी
हल्द्वानी। नगर निगम वर्कशॉप लाइन से केमू स्टेशन तक 65 व्यापारियों को नोटिस देने की तैयारी कर रहा है। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने ने कहा, संज्ञान में आया है कि निगम ने यहां फड़ लगाने की अनुमति दी थी, लेकिन यहां पर पक्की दुकानें बन गई हैं।
कॉलटैक्स नहर कवरिंग से लेकर आईटीआई तक चलेगा अभियान
हल्द्वानी। नगर निगम कॉलटैक्स नहर कवरिंग से लेकर आईटीआई तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाएगा। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि बुधवार से शनिवार तक इस क्षेत्र में मुनादी कराई जाएगी। कहा कि सोमवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा।

You cannot copy content of this page