ईवीएम की सुरक्षा के लिए कांग्रेसी स्ट्रांग रूम के बाहर दे रहे पहरा

ख़बर शेयर करें

देहरादून।कांग्रेस प्रदेश में ईवीएम से छेड़छाड़ को लेकर आशंकित है। पार्टी ने अपने प्रत्याशियों को मतगणना होने तक ईवीएम की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम की निरंतर निगरानी करने को कहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा के ट्रेक रिकार्ड को देखकर यह कदम उठाया गया है।
प्रदेश में मतगणना 10 मार्च को होनी है। कांग्रेस 14 फरवरी को मतदान के बाद से ही प्रदेश में सरकार बनाने का दावा कर रही है। साथ ही ईवीएम की सुरक्षा को लेकर भी पार्टी ने चिंता जताई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि मतदान के बाद बूथ स्तर से प्राप्त फीडबैक से पार्टी में उत्साह है। मतदाताओं ने पार्टी को भरपूर प्यार दिया है। यह साफ दिखाई दे रहा है कि भाजपा को हार का डर सता रहा है। इस कारण भाजपा के विधायक, मंत्री भितरघात की बात कर रहे हैं। यह चुनाव कांग्रेस से बढ़कर जनता ने मजबूती से लड़ा है, ताकि प्रदेश में गड्ढा पैदा करने वाली सरकार दोबारा सत्ता में न आए।
कांग्रेस पर हार के डर से दावत देने को लेकर भाजपा के हमले के जवाब में उन्होंने कहा कि दावत जीतने वाले देते हैं। भाजपा की ये सोच है तो वह कामना करते हैं कि ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी होने से चुनाव में उनकी अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में अपेक्षाकृत कम उपस्थिति रही, लेकिन पूरे पांच साल वह क्षेत्र की जनता के बीच ही रहे हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी व उच्च शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत ने सिर्फ दो महीने पहले क्षेत्र की सुध ली।

You cannot copy content of this page