सहारनपुर में पुलिस का एक्शन, जुमे की नमाज के बाद हंगामा कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज, देवबंद से 21 लोग गिरफ्तार 

ख़बर शेयर करें

यूपी के सहारनपुर नगर और देवबंद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद जुटी भीड़ ने पैगंबर मोहम्मद के बारे में भाजपा नेताओं की विवादित टिप्पणी के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने बैनर, पोस्टर के साथ प्रदर्शन किया। पुलिस ने दोनों स्थानों पर नारेबाजी कर रहे लोगों को समझा-बुझा कर हल्का बल प्रयोग कर वापस भेज दिया। पुलिस ने देवबंद में 21 लोगों को हिरासत में भी लिया है। 

डीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि पूरे जिले में जुमे की नमाज शांति के साथ संपन्न हुई। सहारनपुर नगर समेत पूरे जिले में स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। सिंह ने बताया कि सहारनपुर नगर में एक समुदाय के लोगों का समूह जामा मस्जिद से घंटाघर तक प्रदर्शन करते हुए आया। घंटाघर पर पुलिस ने उनको आगे बढ़ने से रोक दिया। यही स्थिति देवबंद में भी उत्पन्न हुई, जहां दारूल उलूम क्षेत्र में रशीदिया मस्जिद के पास बिना अनुमति के बैनर लेकर नारेबाजी कर रहे लोगों को पुलिस ने काबू में किया। इस दौरान हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। 

सहारनपुर के आयुक्त डा लोकेश एम, आईजी डा. प्रीत्द्रिर सिंह, डीएम अखिलेश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर उपद्रव के दौरान मौके पर मौजूद रहे। डीएम और एसएसपी ने दावा किया है कि पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर लोगों को घरों को वापस कर दिया। डीएम अखिलेश सिंह ने कहा कि पूरे मामले की वीडियोग्राफी कराई गई है। उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। पूरे जिले में पुलिस हाईअलर्ट पर है।

You cannot copy content of this page