जिला अस्पताल की समस्याओं का समाधान करें भाजपा की डबल इंजन सरकार

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर जिला अस्पताल की समस्याओं को लेकर युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट में धरना दिया। उन्होंने जिलाधिकारी विनीत कुमार को ज्ञापन भी सौंपा और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कवि जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ता बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी के साथ धरना दिया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है और रेफरल सेंटर बनकर रहा गया है। जिससे जिले के लोगों को दूसरे राज्यों और जिलों में उपचार के लिए जाना पड़ रहा है। जिससे उनका धन और समय बर्बाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि अपर मुख्य चिकित्साधिकारी के चार पद स्वीकृत हैं, लेकिन एक से ही काम चलाया जा रहा है। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी का पद स्वीकृत है लेकिन रिक्त चल रहा है। प्रधान सहायक के तीन पद स्वीकृत हैं। जिसमें एक पद रिक्त है। अवर अभियंता और औषधि निरीक्षक के एक-एक पद स्वीकृत होने के बावजूद भी नियुक्ति नहीं हो सकी है। चपरासी और अर्दली के पद भी रिक्त चल रहे हैं।
जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की तैनाती नहीं हो सकी है। यूरोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट, चर्म रोग विशेषज्ञ के पद भी रिक्त हैं। ईएनटी और साइक्लोजिस्ट के पद पर भी नियुक्ति नहीं हो सकी है। डेंटल, हाइजिनिस्ट व डेंटल सर्जन भी नहीं हैं। चीफ फार्मासिस्ट के तीन रिक्त पद चल रहे हैं। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी भी नहीं हैं। ट्रामा सेंटर में आर्थोंपैडिक सर्जन, रेडियालॉजिस्ट भी नहीं हैं। स्टाफ नर्स के पांच पद रिक्त चल रहे हैं। जिला क्षय रोग केंद्र भी रामभरोसे चल रहा है। जिला क्षय रोग अधिकारी, एक्सरे टेक्निशियन, टीबी, एचबी, ट्रीटमेंट आर्गनाइजर, डार्करूम सहायक के पद भी खाली हैं। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो वह उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।
इस मौके पर रिजवान खान, रोहित खैर, जगत नेगी, संस्कार खैर, उमेश मनराल, कमल कोरंगा, दर्शन जोशी, पंकज लोहनी, विशाल रावत, खालिद हुसैन आदि मौजूद थे।

You cannot copy content of this page