भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की बात करने वाली भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

ख़बर शेयर करें

देहरादून। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अगुआई में प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्य में महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, कुंभ मेले में हुए कोरोना टेस्टिंग फर्जीवाड़े, किसान बदहाली के विरोध में प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी। इसके तहत सात जुलाई को जिला व शहर मुख्यालयों में प्रदर्शन के साथ राज्य सरकार का पुतला दहन किया जाएगा। 10 जुलाई को 11 बजे मुख्यमंत्री आवास कूच किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कांग्रेस भवन में प्रेस कान्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की बात करने वाली भाजपा सरकार के रोज नए घोटाले उजागर हो रहे हैं। कोरोना जैसी महामारी की आरटीपीसीआर जांच के नाम पर हरिद्वार कुंभ के दौरान हुए घपले ने साबित कर दिया है कि भाजपा भ्रष्टाचार में डूबी है।

राज्य सरकार बेतहाशा महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा के मामले में नाकाम साबित हुई है। इसके विरोध में बुधवार को सभी जिला एवं शहर मुख्यालयों में भाजपा सरकार का पुतला दहन किया जाएगा।
देवभूमि बेरोजगार मंच ने उत्तराखंड पुलिस भर्ती जल्द कराए जाने को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा है। पत्र में बेरोजगारों ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने जाते-जाते कई विभागों में खाली पद भरने को लेकर स्वीकृति दी है। सात साल से रुकी कांस्टेबल भर्ती की विज्ञप्ति तुरंत जारी की जाए। साथ ही कोरोना के कारण भर्ती में विलंब होने से हाल ही में निर्धारित उम्र सीमा को पार करने वाले बेरोजगारों को भी मौका दिया जाए। बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 2019 में 1700 कास्टेबल की भर्ती को मंजूरी दे दी थी, लेकिन तब से अब तक बेरोजगारों के साथ सिर्फ छलावा हुआ है। वह कई बार पुलिस महानिदेशक, पूर्व मुख्यमंत्री समेत शासन के अधिकारियों को इस संबंध में ज्ञापन दे चुके हैं।अब नए सीएम पर बेरोजगारों की आश टिकी हुई है।

You cannot copy content of this page