चारधाम पर काग्रेस का संघर्ष रंग लाया,हाईकोर्ट का फैसला स्वागतयोग्य: गोदियाल

ख़बर शेयर करें

देहरादून। कांग्रेस ने प्रदेश में चार धाम यात्रा शुरू करने के हाईकोर्ट के आदेश को लेकर अपनी पीठ थपथपाई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष रंग लाया है। अब चार धाम यात्रा को लेकर सरकार को भी चेत जाना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में चार धाम को सशर्त अनुमति देने का हाईकोर्ट का फैसला स्वागतयोग्य है। यात्रा बंद होने से परेशान चार धामों के पुरोहित समाज, कारोबारियों और स्थानीय व्यक्तियों को राहत मिलेगी। कांग्रेस इस मुद्दे पर मुखर रही है। पार्टीजनों के प्रयासों की वजह से चार धाम यात्रा शुरू होने जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने चार धाम यात्रा पर हाईकोर्ट के आदेश का स्वागत किया। साथ में यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने यात्रा में अनावश्यक व्यवधान पैदा किया। हाईकोर्ट के सामने सुरक्षा रोडमैप रखते तो यात्रा रोकने की आवश्यकता ही नहीं पड़ती। सरकार ने इस मामले में जानबूझकर भ्रम उत्पन्न किया। यात्रा शुरू करने के लिए पर्यटन व्यवसायी, तीर्थ स्थानों से जुड़े व्यक्तियों ने हठयोगी बनकर आमरण अनशन किया।

यात्रा शुरू होने के मामले में उन्होंने पार्टी के प्रदेश संगठन की पीठ भी थपथपाई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस दबाव बनाने में सफल रही। सरकार को सद्बुद्धि आई। उसने एसएलपी का टेढ़ा रास्ता अपनाने के बजाय सीधे हाईकोर्ट की शरण में जाकर अनुमति लेने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यात्रा प्रारंभ होने का अर्थ यह नहीं है कि यात्रियों की कोरोना से सुरक्षा की जिम्मेदारी कम हो गई है। अभी कोरोना की दूसरी लहर चल रही है और तीसरी लहर की आशंका है। लिहाजा व्यवस्था दुरुस्त करने का ध्यान रखा जाना चाहिए। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भी चार धाम यात्रा शुरू करने के हाईकोर्ट के आदेश पर खुशी जताई।

You cannot copy content of this page