सोमेश्वर विधायक रेखा आर्या की आमदनी 97 फीसदी बढ़ी

ख़बर शेयर करें

दूसरी बार विधायक के लिए सोमेश्वर से चुनाव लड़ रही रेखा आर्या की संपत्ति पांच साल में 12 करोड़ 78 लाख से बढ़कर 25 करोड़ 20 लाख हो गई है।

हल्द्वानी। उत्तराखंड में दूसरा चुनाव लड़ रहे भाजपा और कांग्रेस के 51 विधायकों की संपत्ति तीन से लेकर 740 प्रतिशत तक बढ़ी है। सोमेश्वर से भाजपा विधायक रेखा की संपत्ति पांच सालों में 97 फीसदी और मंगलौर से कांग्रेस के विधायक काजी मो. निजामुद्दीन की संपत्ति 51 फीसदी बढ़ी है।
शनिवार को देवलचौड़ स्थित एक रेस्टोरेंट में उत्तराखंड एडीआर के प्रदेश समन्वयक मनोज ध्यानी ने बताया कि उनकी संस्था राजनीति में शुचिता लाने के लिए कार्य कर रही है। बताया कि कांग्रेस विधायक अंतरिक्ष सैनी की संपत्ति सबसे अधिक 123 करोड़ 90 लाख है। दूसरी बार विधायक के लिए सोमेश्वर से चुनाव लड़ रही रेखा आर्या की संपत्ति पांच साल में 12 करोड़ 78 लाख से बढ़कर 25 करोड़ 20 लाख हो गई है। दूसरे नंबर पर मंगलौर से कांग्रेस विधायक मो. निजामुद्दीन की संपत्ति 21 करोड़ से बढ़कर 32 करोड़ 10 लाख हो गई है। तीसरे नंबर पर हरिद्वार के भाजपा विधायक प्रदीप बत्रा है। प्रदीप की संपत्ति तीन करोड़ से बढ़कर 12 करोड़ हो गई है।
चौथे नंबर पर पौड़ी गढ़वाल के विधायक रहे सतपाल महाराज की संपत्ति 80 करोड़ से बढ़कर 87 करोड़ 34 लाख हो गई है। पांचवें नंबर पर मसूरी के विधायक गणेश जोशी हैं। इनकी संपत्ति तीन करोड़ से बढ़कर नौ करोड़ हो गई है। इनके अलावा अन्य विधायकों की संपत्ति में भी वृद्धि हुई हैं। पत्रकार वार्ता में एडीआर के रवि त्यागी, मुरार कंडारी, पीयूष त्यागी, वर्णित त्यागी शामिल रहे।
ध्यानी का कहना है कि दो दिसंबर 2021 को संस्था ने विधायकों की संपत्ति और मुकदमों का रिकॉर्ड पेश किया था। आठ फरवरी को भी प्रत्याशियों के बारे में 168 पृष्ठ की रिपोर्ट पेश की थी। ध्यानी ने कहा कि वर्तमान चुनाव में मतदाताओं को धनबल और बाहुबल के दबाव में नहीं आना चाहिए। 2022 में दूसरी बार चुनाव लड़ने वाले 51 विधायकों की औसत संपत्ति में साल 2017 की अपेक्षा 2.33 करोड़ की वृद्धि हुई है। इन विधायकों की संपत्ति में औसतन 49 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है।
भाजपा और कांग्रेस विधायकों की संपत्ति बढ़ी
भाजपा और कांग्रेस के विधायकों की संपत्ति पांच सालों में बढ़ गई हैं। इनमें अधिकतर ने अपना कारोबार हलफनामे में खेती लिखा है। भाजपा विधायकों की पहले औसत संपत्ति 4.85 करोड़ थी, जो बढ़कर 7.23 करोड़ हो गई है। इसी तरह पहले कांग्रेस विधायकों की औसत संपत्ति 4.61 करोड़ थी, जो अब 6.80 करोड़ हो गई है। निर्दलीय विधायकों की संपत्ति 66 लाख से बढ़कर 2.36 करोड़ हो गई है।

You cannot copy content of this page