रामपुर में भारी मतदान किसके पक्ष में वोट , जानें सभी 5 सीट का हाल

ख़बर शेयर करें

सोमवार, सुबह के सात बजे ही बूथों का रुख किया। एक के बाद एक बूथों पर पहुंचे, लोगों का मन टटोला, कुछ खुलकर बोले तो ज्यादातर खामोश रहे, कुछेक ने हंसकर सवाल टाल दिया। जिले की पांचों विस सीटों की ग्राउंड रिपोर्ट देखें तो कहीं साइकिल ने रफ्तार पकड़ी तो कहीं कमल खिलता दिखाई दिया। दो सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला नजर आ रहा है।

हर चुनाव की तरह इस बार भी रामपुर पर लोगों की निगाहें हैं, वजह है सपा नेता आजम खां, जो आजकल जेल में बंद हैं और जेल से ही चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं उनके मुकाबले पर भाजपा के आकाश सक्सेना हैं, ये वही आकाश हैं, जो आजम के धुर विरोधी माने जाते हैं। आज जब मतदान हुआ तो इन्हीं दो दिग्गजों के बीच मुकाबला दिखाई दिया। रामपुर शहर की बात करें तो यहां सिविल लाइंस, अजीतपुर, ज्वालानगर इलाके में खूब वोट बरसा लेकिन, शहर के अंदर के बूथों पर सन्नाटा रहा। वीआईपी क्षेत्र सिविल लाइंस, जिला पंचायत, गन्ना सोसायटी के बूथों पर कभी भी 20-25 परसेंटेज से अधिक वोटिंग नहीं हुई लेकिन, इस बार दोपहर तीन बजे तक 35-38 परसेंट वोट पड़े चुके थे। जबकि, मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में पोल परसेंटेज बहुत धीमा रहा। हालांकि, अपराह्न एक बजे के बाद पोलिंग में उछाल देखने को मिला।

चमरौआ विस क्षेत्र
चमरौआ विधानसभा क्षेत्र में मौजूदा विधायक सपा के नसीर अहमद खां हैं लेकिन, यहां भी त्रिकोणीय मुकाबला नजर आया। यहां सपा को भी वोट पड़ा है तो कांग्रेस को भी मतदान हुआ है। चमरौआ के आसपास के गांवों कमल खिलता दिखाई दिया है। जबकि, रोड साइड के गांवों में साइकिल ही सरपट दौड़ती दिखाई दी है।

मिलक विस क्षेत्र
मिलक विधानसभा मिलक और शाहबाद दो तहसीलों को मिलाकर बनाई गई है। यह सुरक्षित विस सीट है और मौजूदा समय में यह सीट भाजपा के पास है। राजबाला यहां से विधायक हैं। यह दलित बाहुल्य सीट है। हालांकि, लोधी और यादव वोट भी बहुतायत हैं। इस क्षेत्र में सपा और भाजपा में कांटे का मुकाबला दिखाई दिया। ज्यादातर जगह साइकिल की रफ्तार देखने को मिली।

रामपुर नगर विस क्षेत्र

रामपुर नगर विधानसभा के शहरी क्षेत्र में पोलिंग ट्रेंड अलग-अलग दिखाई दिया। रामपुर के शहरी इलाके में भाजपा और सपा को जमकर वोट पड़ा है। जबकि, शहर के अंदर के कुछ भू भाग में कांग्रेस को भी वोट मिले हैं। पहली बार यहां आप को भी मत पड़े हैं। लेकिन, रामपुर विधानसभा के देहात क्षेत्र की बात करें तो यहां कहीं साइकिल ने रफ्तार पकड़ी तो कहीं कमल खिलता दिखाई दिया।

You cannot copy content of this page