कांग्रेस में फिर आ सकता है भूचाल, प्रीतम गुट ने किया 21 को सचिवालय घेराव का एलान, संगठन को जानकारी नहीं

ख़बर शेयर करें

देंहरान ।उत्तराखंड कांग्रेस एक बार फिर बिखराव के रास्ते पर दिख रही है। इससे पहले भी कई मौकों पर पार्टी में गुटबाजी सतह पर आ चुकी है, जिसका कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ा। प्रीतम सिंह गुट ने 21 को सचिवालय घेराव का एलान किया है लेकिन इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी को कोई जानकारी नहीं है। साफ है कि प्रीतम एकला चलो की राह पर शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे हैं। संगठन से जुड़े लोग ऊहापोह की स्थिति में हैं कि सचिवालय घेराव में शामिल हों या नहीं? 

बीते दिवस पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने विधानसभा में एक प्रेसवार्ता का आयोजन कर सचिवालय घेराव का एलान किया। संगठन के पदाधिकारियों के नाम पर उसके साथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना मौजूद थे। जबकि पीसीसी अध्यक्ष ने इस बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया। पार्टी जानकारों का कहना है कि यदि ऐसा होता है तो पार्टी की फजीहत होना तय है। एक तरफ पार्टी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है, वहीं दूसरी पार्टी में ही गुटबाजी हो रही है। भाजपा इस मौके को भुनाने से नहीं चुकेगी। 

जब से प्रीतम सिंह नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी से हटे हैं, तब से उनके तेवर पार्टी से इतर दिखाई दे रहे हैं। पिछले दिनों अल्मोड़ा और फिर देहरादून में प्रभारी देवेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई दोनों बैठकों में प्रीतम गायब रहे। माणा (बदरीनाथ) से रुद्रप्रयाग तक निकली भारत जोड़ो यात्रा में भी वे दिखाई नहीं दिए। हालांकि उन्होंने इस दौरान हिमाचल चुनाव प्रचार में व्यस्त होने का हवाला दिया। लेकिन पार्टी सूत्रों की मानें तो देवेंद्र यादव से उनके रिश्तों में आई खटास इसकी प्रमुख वजह है। 

प्रीतम पार्टी के फैसलों से असहज
प्रीतम हरिद्वार पंचायत चुनाव में मिली करारी हार के लिए खुले तौर पर प्रदेश प्रभारी को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं। विस चुनाव में पूर्व सीएम हरीश रावत के साथ उनका अघोषित युद्ध भी किसी से छिपा नहीं है। अब पार्टी को विश्वास में लिए बगैर वह राजनीतिक धरना प्रदर्शन करने जा रहे हैं। साफ है प्रीतम पार्टी के फैसलों से असहज हैं और राजधानी में बिना संगठन को साथ लिए बड़ा प्रदर्शन कर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराना चाहते हैं। 

You cannot copy content of this page