उ0 प्र0 परिवहन बसों में यात्रियों को ठोस-ठोसकर बिना आरटीपीसीआर जांच कराए उत्तराखंड की सीमा पर छोड़ रही है

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तर प्रदेश द्वारा उत्तराखंड की सीमा तक बसों का संचालन करने पर अब परिवहन विभाग आपत्ति दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। विभाग का कहना है कि एक तो उत्तर प्रदेश ने अंतरराज्यीय वाहन संचालन पर रोक लगाई है, तो वह ऐसे में उत्तराखंड की सीमा तक यात्रियों को क्यों छोड़ रहा है। उसे अपने वाहनों का संचालन अपने बस अड्डों तक सीमित रखना चाहिए। इससे उत्तर प्रदेश से बिना आरटीपीसीआर जांच कराए वाहनों से लोग उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश कर रहे हैं। इतना ही नहीं, उत्तर प्रदेश के निजी व्यवसायिक वाहन सवारी लेकर उत्तराखंड भी आ रहे हैं। अब ऐसे वाहनों का चालान किया जाएगा।
इस समय उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का संचालन अन्य राज्यों के लिए नहीं हो पा रहा है। कारण यह कि उत्तर प्रदेश ने वाहनों के संचालन को अनुमति प्रदान नहीं की है। उत्तराखंड परिवहन निगम का सबसे फायदेमंद दिल्ली मार्ग है। प्रदेश के तकरीबन हर जिले से बसें दिल्ली आती-जाती हैं। दिल्ली जाने के लिए उत्तराखंड के यात्रियों को उत्तर प्रदेश की सीमा से होकर जाना पड़ता है। एक अन्य मार्ग हिमाचल से भी है लेकिन यह मार्ग काफी लंबा है। अभी तक हिमाचल ने भी अंतरराज्यीय वाहन संचालन को मंजूरी नहीं दी, इस कारण अभी परिवहन निगम की बसों का संचालन अन्य राज्यों के लिए नहीं हो पा रहा है। हालांकि, हिमाचल ने मार्ग खोलने पर हामी भरी है। उत्तर प्रदेश ने अंतरराज्यीय वाहन संचालन तो बंद रखा है लेकिन उसकी बसें उत्तराखंड की सीमा तक यात्रियों को ला रही हैं और यहां से यात्री ले भी जा रही हैं। यात्री पैदल सीमा पार कर रहे हैं। इस कारण इनका आरटीपीसीआर टेस्ट भी नहीं हो पा रहा है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की निजी व्यावसायिक बसें उत्तराखंड आ रही हैं।अभी तक परिवहन विभाग ने कोई कार्यवाही नहीं की है।

You cannot copy content of this page