यूपी बीजेपी को नए प्रदेश अध्‍यक्ष की तलाश, स्वतंत्रदेव का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा, कई अहम जीत दिलाने में रही भूमिका

ख़बर शेयर करें

लखनऊ । यूपी बीजेपी को जहां एक ओर नए प्रदेश अध्‍यक्ष की तलाश है वहीं स्‍वतंत्र देव स‍िंंह अपना तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले छठवें अध्‍यक्ष बन गए हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की दोबारा शानदार जीत का इनाम पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को योगी सरकार-2.0 में जलशक्ति मंत्री बनाकर दिया है।

तभी से अटकलें हैं कि अब उनके स्थान पर नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति होनी है और यूं होते-होते शनिवार को उनका तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया। सात चुनावों और उपचुनावों में पार्टी की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रदेव के खाते में यह उपलब्धि भी दर्ज है कि तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले वह छठवें प्रदेश अध्यक्ष हैं।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री रहते हुए स्वतंत्रदेव ने 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैलियों का जिम्मा संभाला। पार्टी ने उन्हें 16 जुलाई, 2019 को प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी। उन्हें यह जिम्मेदारी योगी सरकार-1.0 में परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाए जाने के बाद मिली थी। स्वतंत्रदेव ने मंत्री पद छोड़ संगठन में पसीना बहाना शुरू किया जिसका परिणाम रहा कि 2019 में 11 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में आठ पर भाजपा जीती।

2020 के स्नातक शिक्षक चुनाव में 11 में से छह सीटों पर पार्टी को जीत मिली। 2020 में ही सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव में छह भगवा खेमे की झोली में आईं। 2021 में ब्लाक प्रमुख के चुनाव में 825 में से 648 सीटों पर तो जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में 75 में से 67 सीटें भाजपा जीती। हाल के विधानसभा चुनाव, स्वतंत्रदेव के लिए सबसे बड़ी परीक्षा लेकर आए। वह उसमें भी सफल रहे और 403 में से 273 सीटों पर कमल खिलाकर संगठन द्वारा परिश्रम की पराकाष्ठा साबित की।

You cannot copy content of this page