हल्द्वानी में ड्यूटी से लौट रहे रोडवेज चालक को कैंटर ने कुचला, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
हल्द्वानी। गौलापार में तेज रफ्तार कैंटर ने रोडवेज चालक को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपित चालक को हिरासत में ले लिया है और कैंटर को सीज कर दिया है।
मूल रूप से अल्मोड़ा स्थित जैंती के कुंज गांव निवासी अजय सिंह कुंजवाल (44) का परिवार वर्तमान में गौलापार के पश्चिमी खेड़ा में रहता है।काठगोदाम डिपो में आश्रित कोटे से बतौर चालक अजय रविवार को ड्यूटी के बाद पैदल ही घर की ओर लौट रहे थे। जब वह अपने घर के पास पहुंचे, तभी आइडीबीआइ बैंक के पास चोरगलिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि वह करीब 30 मीटर दूर गिरे। वारदात को अंजाम देकर चालक कैंटर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ लिया।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन बिष्ट तुरंत मौके पर पहुंचे। वे लहूलुहान हालत में अजय को लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन अजय ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
काठगोदाम एसएचओ जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी चालक को पकड़ लिया गया है और वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
पहले टक्कर मारी, फिर बैक कर बुरी तरह कुचला अर्जुन बिष्ट ने बताया कि कैंटर चालक ने पहले अजय को टक्कर मारी, फिर वाहन को बैक किया। हादसा इतना भयावह था कि उनकी रीढ़ की हड्डी बाहर निकल गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपित चालक नशे में धुत था। वह कैंटर छोड़कर भागा और झाड़ियों के बीच छिप गया था। जहां से पुलिस ने उसे पकड़ा।
