इबोला वायरस से सावधान: उत्तराखंड का स्वास्थ्य महकमा सतर्क, हल्द्वानी मेडिकल कालेज में आइसोलेशन वार्ड तैयार
राजस्थान में इबोला वायरस का मामला सामने आने के बाद उत्तराखंड का स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो गया है।
हल्द्वानी। अफ्रीकी देश के बाद कुछ दिन पहले राजस्थान में इबोला वायरस का मामला सामने आने के बाद राज्य का स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो गया है।इसे लेकर राजकीय मेडिकल कालेज हल्द्वानी के बगल में बने नये ब्लाक में 20 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया है। इसमें इबोला से संक्रमित मरीजों को रखा जाएगा। साथ ही यहां सौ पीपीई कीट रख दी है।
इबोला वायरस से अलर्ट रहने के निर्देश
केंद्र सरकार ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के नये निर्देश अनुसार स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग को इबोला वायरस से अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत राजकीय मेडिकल कालेज हल्द्वानी ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है।
कालेज प्रबंधन ने अपने नये मेडिकल ब्लाक में 20 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार करने के साथ इबोला वायरस की जांच के लिए सौ व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट रखी है। इस वार्ड का नोडल इंचार्ज जनरल मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. परमजीत सिंह को बनाया है।यदि कोई संक्रमित यहां पहुंचता है, तो उसे अन्य मरीजों से अलग रख आइसोलेट कर उसका इलाज किया जाएगा।
प्राचार्य डा. जीएस तितियाल ने बताया कि अभी क्षेत्र में इबोला वायरस का कोई खतरा नहीं है। उन्होंने सभी से अपील की है कि तेज बुखार, आंखों में जलन, असहनीय बदन दर्द होने पर डाक्टर से संपर्क करें और जांच कराएं।
