हरिद्वार में निर्माणाधीन घर के सेप्टिक टैंक में निकले 27 सांप

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार:सराय ग्राम में बन रहे एक मकान के सेप्टिक टैंक में बड़ी संख्या में सांप के बच्चे दिखाई दिए. घर के लोगों ने जब टैंक के अंदर झांककर देखा तो वहां दर्जनों सांप के बच्चे घूमते नजर आए. अचानक इतनी संख्या में सांप दिखाई देने से परिवार के सदस्य दहशत में आ गए. ग्रामीणों ने इतनी बड़ी संख्या में सांप देखकर उनके होश उड़ गए. इसके बाद तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी है.

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीम के साथ पहुंचे स्नेक कैचर तालिब और भोला ने कड़ी मशक्कत के साथ अभियान चलाया और सांपों को इकट्ठा किया. जांच के दौरान टैंक से कुल 27 सांप के बच्चे बरामद हुए जिनको को सुरक्षित बाहर निकाला गया. रेस्क्यू अभियान के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई और लोगों के लिए यह विषय चर्चा का विषय बन गया.

रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह के मुताबिक तापमान बढ़ने के साथ सांप जैसे जंगली जीव ठंडी जगहों की तलाश में आबादी में घुस जाते हैं. टीम को सूचना मिली कि सराय गांव में एक घर में बड़ी संख्या में सांप घुस आए हैं. सूचना मिलते ही मौके पर क्यूआरटी टीम को भेजा गया. टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी सांपों को रेस्क्यू किया. उन्होंने बताया कि मकान के सेप्टिक टैंक में पानी भरा था और उसमें किसी मादा सांप ने अंडे दिए होंगे, इसलिए वहां कई दिनों से सांप के बच्चे रह रहे थे. सभी सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया है. उन्होंने बताया कि सभी सांप कीलबैक प्रजाति के हैं.।

You cannot copy content of this page