SIR में धीमी प्रगति पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जताई नाराजगी
हल्द्वानी। उत्तराखंड के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने शनिवार को नैनीताल जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए गणना फार्मों के डिजिटलाइजेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कम प्रगति वाले बूथों पर विशेष ध्यान देने, अतिरिक्त डाटा एंट्री ऑपरेटर तैनात करने और नगरीय क्षेत्रों में मोबाइल टीमों की सहायता लेने को कहा है
राज्य अतिथि गृह हल्द्वानी में आयोजित समीक्षा बैठक में डॉ. जोगदण्डे ने विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी, भीमताल, हल्द्वानी और नैनीताल में डिजिटलाइजेशन की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह-शाम बूथवार समीक्षा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करना प्राथमिकता है। जिन बूथों पर डिजिटलाइजेशन कार्य धीमा है, वहां अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं और डाटा एंट्री ऑपरेटरों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही हेल्पिंग हैंड के रूप में अतिरिक्त मोबाइल टीमों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए। बैठक में ऑनलाइन गणना फार्म भरने के लिए मतदाताओं को प्रेरित करने तथा नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में आईटी और मोबाइल टीमों को भेजकर बीएलओ को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
