निहंगों का उत्तराखंड सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम, 4 मांगें पूरी न होने पर बैरियर तोड़ने की चेतावनी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। पंजाब से पहुंचे करीब 200 निहंगों के जत्थों ने शुक्रवार को भी पूरे दिन उत्तराखंड-हिमाचल की पांवटा साहिब-कुल्हाल सीमा पर जमकर हंगामा किया।देहरादून में प्रवेश की कोशिश कर रहे निहंग सिखों को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और कई घंटे तक सीमा सील रही।

देर शाम देहरादून व हिमाचल प्रदेश के पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की पांवटा गुरुद्वारा में करीब तीन घंटे तक चली कई दौर की वार्ता में निहंगों की ओर से चार मांगें रखी गईं।

निहंग कर्णप्रयाग में गिरफ्तार निहंगों की रिहाई समेत मुकदमा दर्ज करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। उन्होंने उत्तराखंड सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

गुरुवार रात हुए बवाल, जबरन देहरादून सीमा में घुसने और कानून-व्यवस्था खराब करने के आरोप में पुलिस ने कुल्हाल चौकी में 150-200 अज्ञात निहंगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

16 जून को हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे चार निहंगों का पार्किंग को लेकर स्थानीय होटल संचालक से विवाद हो गया था। मारपीट में चार स्थानीय लोगों के जख्मी होने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चारों निहंगों को गिरफ्तार कर लिया था।

इनमें तीन चमोली जिला कारगार में न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि एक घायल निहंग का पुलिस अभिरक्षा में ऋषिकेश एम्स में उपचार चल रहा है। इस प्रकरण को लेकर पंजाब के निहंग आक्रोशित हैं।

शुक्रवार सुबह निहंग फिर दून में प्रवेश करने के लिए अड़ गए। जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने सीमा पर पहुंचकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

You cannot copy content of this page