नैनीताल में सड़क हादसा बेकाबू टैंकर के चपेट आये दिल्ली की मां-बेटी , हालत गंभीर हल्द्वानी रेफर

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। शहर के मल्लीताल क्षेत्र में स्टेट बैंक से आगे जल संस्थान के सीवर ठीक करने वाले टैंकर की चपेट में आने से दिल्ली की दो महिला पर्यटक गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों महिला पर्यटकों को रौंदते हुए आगे बढ़ कर रुक गया।
इसके अलावा ईको कार में सवार दो लोग भी मामुली रूप घायल हो गए, उनका बीडी पाण्डे अस्पताल में उपचार चल रहा है बीडी पाण्डे अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। हादसा टैंकर के ब्रेक फेल होने से हुआ या अन्य वजह से, इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है।
हादसा गुरुवार अपराह्न करीब सवा दो बजे हुआ। जब दिल्ली की दो महिला पर्यटक मल्लीताल क्षेत्र को जा रही थी तो तभी जल संस्थान के बेकाबू टैंकर ने उनको रौंद दिया। हादसे के बाद वाहनों की कतार लग गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों महिला पर्यटकों को पास में ही बीडी पाण्डे अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना के बाद अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जुट गई। पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल सहित नयना देवी व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन के अलावा सभासदों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने व हल्द्वानी भेजने में मदद की।
स्थानीय लोगों के अनुसार पालिका के पीछे पुराना घोड़ा स्टेंड के पास सड़क किनारे टैक्सी बाइक का पार्किंग स्थल बन गया है, जिससे राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है।
यदि बाइकर्स की पार्किंग सड़क पर नहीं होती तो महिला पर्यटक टैंकर की चपेट में आने से बच सकती है। इस तिराहा पर पुलिस व यातायात पुलिस की भी तैनाती रहती है, इसके बाद भी टैक्सी बाइक संचालकों के हौंसले बुलंद हैं। हाई कोर्ट के सख्त निर्देश के बाद भी इन टीबी नंबर की बाइकें शहर में सरपट दौड़ रही हैं।
हादसे की सूचना पर मल्लीताल कोतवाली से एसआइ आशा बिष्ट सहित पुलिस कर्मी अस्पताल पहुंचे और घायलों के बारे में जानकारी जुटाई।
एसआइ ने बताया कि घायल महिलाएं मां 42 वर्षीय रितु डांग पत्नी दिनेश कुमार निवासी 228-गगन विहार दिल्ली-31 तथा रितु की बेटी 20 वर्षीय भवि पुत्री दिनेश शामिल हैं।
टैंकर की चपेट में आने परिवार के दिनेश, फलक, वंश तथा तरुण बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शी नाजिम के अनुसार टैँकर पहले पुलिस बैरीकेट्स को तोड़ता हुआ दीवार से टकराया, फिर मुड़कर पास में ही एक ईको वाहन से भी टकराया।जिसमें सवार दो लोग भी मामुली रूप से चोटिल हो गए, उनको बीडी पाण्डे अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया जबकि टैंकर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार यदि बेकाबू कैंटर ईको कार से नहीं टकराता तो दर्जनों लोग चपेट में आते।पर्यटन सीजन की वजह से शहर की सड़कों पर वाहनों की कतार है तो स्थानीय लोगों व सैरसपाटा करने वाले पर्यटकों का पैदल चलना तक दूभर हो गया है।

You cannot copy content of this page