उत्तराखंड बना भ्रष्टाचार का गढ़, भाजपा ने उत्तराखंड के लोगों का खून चूस लिया है ,खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी में विजय शंखनाद रैली में भाजपा और सरकारों पर रोजगार, भ्रष्टाचार व पेपर लीक जैसे मुद्दों पर तीखा हमला बोला।
हल्द्वानी। रामलीला मैदान में शनिवार को आयोजित कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा और केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। करीब 47 मिनट के भाषण में खरगे ने रोजगार, सरकारी भर्तियों, पेपर लीक, शिक्षा, कानून व्यवस्था, महंगाई, धार्मिक आस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग झुकेंगे नहीं। अगर झुकेंगे तो देश को आगे बढ़ाने के लिए।
भाजपा ने उत्तराखंड के लोगों का खून चूस लिया है ,
खरगे ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने पर हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। आज स्थिति यह है कि लाखों युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र में करीब 30 लाख पद रिक्त हैं, लेकिन उन्हें भरा नहीं जा रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो बिना सिफारिश और बिना पैसे के युवाओं को नौकरी देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया। कहा कि जब भर्ती होती है तो पैसा बोलता है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने छात्रों के आंदोलनों का जिक्र करते हुए सरकार पर दमन का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस युवाओं और छात्रों के हित में संघर्ष करती रहेगी।
खरगे ने भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को भाजपा के नेता पहले कठघरे में खड़ा करते हैं, बाद में उन्हें ही गले लगा लेते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नेताओं को वॉशिंग मशीन में डालकर साफ कर दिया जाता है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ लड़ती रही है और आगे भी जनता के पैसे को जनता तक पहुंचाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
