फर्जी मेजर हल्द्वानी पुलिस की गिरफ्त मे
हल्द्वानी। पुलिस की गिरफ्त में एक ऐसा जेन जी आया है। जो एआइ की मदद से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर खुद को पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बता लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था।
वीडियोकाल और अन्य माध्यमों से बातचीत के दौरान अंतरंग क्षणों की तस्वीर-वीडियो को मोबाइल में रिकार्ड करने के बाद वह उनसे पैसे भी ऐंठता था।
पकड़े जाने के बाद पता चला कि देहरादून, दिल्ली और केरल तक की लड़कियों से उसका संपर्क था। आरोपित के विरुद्ध धोखाधड़ी, पहचान छुपाने आदि आरोपों में केस दर्ज किया गया है। जांच पूरी होने पर फर्जीवाड़े से जुड़ी कई परतें और खुलेंगी।मिलिट्री इंटेलीजेंस से हल्द्वानी पुलिस को एक युवक की संदिग्ध हरकतों की जानकारी मिली थी। युवक फेसबुक और इंस्टाग्राम पर स्वयं को पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताता था। एआई और गूगल जेमिनी की मदद से फर्जी फोटो-वीडियो तैयार करने के बाद उसे पोस्ट करता था।सूचना मिलने पर एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी ने एसओजी इंचार्ज मोहन सिंह सौन को गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
फर्जी मेजर का सुराग मिलने के बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 20 वर्षीय रोहित सिंह मेहता मूल रूप से ग्राम कानीकोट, तहसील पार्टी जिला चंपावत का रहने वाला है। वर्तमान में वह गोरापड़ाव में रहता था। कब्जे से पुलिस ने दो मोबाइल, आधार-पैन कार्ड और आर्मी का फर्जी आई कार्ड भी बरामद किया है। फोन की जांच करने पर सेना की वर्दी पहने फोटो-वीडियो भी मिल गए।
