उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सिल्क्यारा-बड़कोट सुरंग में हादसा, 21 वर्षीय मजूदर की मौत, 3 साल पहले भी हुआ था बड़ा हादसा

ख़बर शेयर करें

उत्तरकाशी : उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सिल्क्यारा-बड़कोट सुरंग में देर रात एक हादसा हो गया है। सुरंग में मलबा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय एक श्रमिक की मृत्यु हो गई।हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट हो गया। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वे मौके पर जाकर स्थिति का विस्तृत जायजा लें, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाएं और कार्यदायी संस्था के सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच करें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता पहुंचाने व अन्य विधिक प्रक्रिया पूरी करने तथा टनल के भीतर अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व वैधानिक कदम तुरंत उठाए जाएं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार सिल्क्यारा टनल में रात्रि लगभग 2 बजे एक दुर्घटना हुई। बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय एक श्रमिक की मृत्यु हो गई। NHIDCL द्वारा घटना की विस्तृत जांच एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

12 नवंबर 2023 को हुआ था बड़ा हादसा

उत्तरकाशी के सिल्क्यारा में 4.5 किलोमीटर लंबी सिल्क्यारा-बड़कोट सुरंग का निर्माण हो रहा है। 12 नवंबर 2023 को हुए हादसे में 41 मजदूर 17 दिनों तक फंसे रहे थे, जिन्हें लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित निकाला गया था। ताजा घटना ने एक बार फिर सुरंग निर्माण की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। टनल के प्रोजेक्ट मैनेजर श्रीराम ने बताया कि काम करते समय टनल में पत्थर गिरने से मजूदर की मौत हुई है। मजदूर का नाम नरेश उम्र 22 वर्ष बताई गई है जो कि झारखंड का रहने वाला है।

You cannot copy content of this page