अलर्ट : उत्तराखंड के पहाड़ों में 40 से 50 Km की रफ्तार से बहेंगी हवाएं, 25 तक मॉनसून की एंट्री
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।
देहरादून: उत्तराखंड में प्री मानसून की बारिश के चलते गर्मी से राहत मिली है। हालांकि मौसम शुष्क होने पर गर्मी परेशान भी कर रही है। पर्वतीय जनपदों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौरा जारी है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ रही है।
एक तरफ जहां मौसम बदलने से गर्मी से राहत मिल रही है तो वहीं कई क्षेत्रों में बारिश के कारण नुकसान भी हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोत्तरी भी हो सकती है।
25 जून तक मॉनसून के पहुंचने के संभावना
उत्तराखंड में प्री मानसून की बारिश शुरू होने के साथ ही कहीं गर्मी से राहत मिल रही है तो कहीं बारिश आफत बनकर बरस रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 25 जून तक मॉनसून के पहुंचने की संभावना है। आमतौर पर 20 जून तक प्रदेश में मॉनसून आ जाता है लेकिन इस बार मॉनसून की रफ्तार धीमी है लेकिन प्री मानसून के बारिश के कारण बरसात जैसा मौसम बना हुआ है।
