उत्तराखंड के मैदानी जिलों में भीषण गर्मी बरकरार, बढ़ा हीट स्ट्रोक का खतरा, पहाड़ों में बारिश के आसार
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने दो अलग-अलग तस्वीरें पेश की हैं। एक ओर पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना होने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। वहीं दूसरी ओर मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा और भीषण गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी। लगातार बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह सतर्क हो गया है और अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से निपटने की विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
पर्वतीय जिलों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में बदलाव से पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है।
मैदानी इलाकों में गर्मी का कहर जारी
देहरादून समेत मैदानी जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन के समय लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा।
