कैंची धाम में स्थापना दिवस पर बाबा के दरबार में उमड़ा भक्तों का सैलाब
गरमपानी ( नैनीताल ) । कैंची धाम का आज 62वां स्थापना दिवस है। कैंची धाम में सोमवार को स्थापना दिवस पर सुबह पांच बजे से डीएम ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी मौके पर मौजूद होकर मोर्चा संभाले हुए हैं। मंदिर में स्थापना दिवस को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात हैं। मंदिर के बाहर पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद है।
श्रद्धालुओं की लगी एक किमी लंबी कतार
कैंची धाम में स्थापना दिवस पर सोमवार की सुबह छह बजे के बाद से भवाली की तरफ से एक किलोमीटर लंबी कतार लग चुकी है। श्रद्धालु बाबा के जयकारों के साथ श्री राम के नारों के साथ मंदिर में प्रवेश करते रह रहे हैं।
दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
कैंची धाम के स्थापना दिवस पर बाबा नीब करौरी महाराज के जयकारों के साथ सुबह छह बजे तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर मालपुए का प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है।
बता दें कि, सोमवार की सुबह पांच बजे बाबा नीब करौरी महाराज को मालपुए के भोग लगाने के साथ कैंची धाम में स्थापना दिवस शुरू हुआ। रातभर कतार में लगे श्रद्धालुओं का मंदिर में बारी-बारी से प्रवेश शुरू हो गया है। बाबा के जयकारों के साथ श्रद्धालु महाप्रसाद लेते हुए वापस लौट रहे हैं। मंदिर समिति में लगे सेवादार श्रद्धालुओं को मालपुए का प्रसाद वितरित कर रहे हैं। कैंची धाम के स्थापना दिवस पर बाबा नीब करौरी महाराज के जयकारों के साथ सुबह छह बजे तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर मालपुए का प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। प्रशासन व पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। भवाली से कैंची धाम तक सड़क किनारे फड़ व खोखे सहित भंडारा पर प्रतिबंध लगाया गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने पूरी रात कैंची में कैम्प कर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की।
