मित्र पुलिसकर्मियों पर लगे गंभीर आरोप, बाबा की भूमि पर महिलाओं से छेड़छाड़ ! भड़के लोग,पूरे देश में जा रहा है गलत संदेश
नैनीताल । कैंची धाम में स्थापना दिवस से पहले शनिवार देर रात करीब 11 बजे भारी तनाव पैदा हो गया। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने पुलिस कर्मियों पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर पीटने का गंभीर आरोप लगाया।
कैंची धाम में शनिवार की देर रात 11 बजे उस समय भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने पुलिस कर्मियों पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और पीटने का आरोप लगाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई और उन्होंने पुलिस के रवैये के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। साथ ही पुलिस प्रशासन और एसएसपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने डीएम और मुख्यमंत्री से मामले की जांच के साथ कार्रवाई की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। लोगों का कहना था कि ग्रामीण इलाके के लोग शनिवार की सुबह अपने वाहन लेकर भवाली मंडी आए थे लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से हटाकर जबरन जंगल की तरफ भेज दिया। प्रदर्शनकारियों ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि स्थानीय लोगों को उनके घरों और कमरों से दूर किया जा रहा है जबकि पुलिस की मौजूदगी में वहां लड़कियों के साथ छेड़खानी की घटनाएं हो रही हैं। विरोध करने पर उन्हें पीटा गया।
उन्होंने कहा कि भवाली में यह मेला पहली बार नहीं हो रहा है लेकिन शनिवार से ही पुलिस ने यहां जबरन कर्फ्यू जैसी स्थिति पैदा कर दी है और पूरा मंदिर परिसर खाली करवा दिया गया है। लोगों ने कहा कि पुलिस के आला अधिकारी वाहवाही बटोरने का काम कर रहे हैं और क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया है। स्थानीय लोगों ने एक सुर में पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद और एसएसपी मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। मौके पर तैनात पुलिस बल स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करता नजर आया, लेकिन स्थानीय लोगों में पुलिस के इस रवैये को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।
