उत्तराखंड में गरमाने लगी चुनावी राजनीति
देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की राजनीति गरमा रही है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने इसको लेकर तैयारियों को तेज कर दिया है। प्रदेश में गरमाती चुनावी राजनीति को धार देने भाजपा के राष्ट्रीय नितिन नवीन गुरुवार की शाम देहरादून पहुंच रहे हैं। वहीं, अगले सप्ताह 4 जून से राहुल गांधी हल्द्वानी और पौड़ी के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस प्रकार अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव का माहौल गरमाना तय हो गया है। फरवरी-मार्च 2027 में प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं।
तीन दिन रहेंगे नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड के अपने तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे पार्टी की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देंगे। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, विधायकों की आंतरिक सर्वे रिपोर्ट पर चर्चा के साथ कोर कमेटी में चुनावी रणनीति और राजनैतिक मुद्दों पर भी आखिरी मुहर लगाएंगे। इसको लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी से लेकर पार्टी के स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नितिन नवीन के धामी कैबिनेट के सदस्यों के साथ बैठक की भी योजना है।
