नीट परीक्षा ने देहरादून की होनहार रिया थापा की जान ले ली
देहरादून । 23 साल की उम्र, स्कूल की टॉपर और आंखों में डॉक्टर बनने का सपना… लेकिन एक पल में सबकुछ टूट गया। सारे सपने बिखर गए। देहरादून के चंद्रबनी इलाके की रहने वालीं रिया कुमारी थापा अब इस दुनिया में नहीं है। मंगलवार को उनका शव घर के भीतर फंदे से लटका हुआ मिला। रिया अपनी जिंदगी में कुछ बड़ा करना चाहती थीं। 12वीं के बाद मेडिकल की तैयारी शुरू की। लेकिन, ना जाने क्यों नीट की परीक्षा से 5 दिन पहले हार मान ली। परिवार और आसपास के लोगों को अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि होनहार रिया ऐसा कदम उठा सकती है।
रिया के परिवार में मां, पिता और दो छोटे भाई-बहन हैं। परिवार का कहना है रिया के ऊपर परीक्षा को लेकर किसी तरह का कोई प्रेशर नहीं था। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि रिया ने ऐसा कदम क्यों उठाया? कमरे से रिया का सुसाइट नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अंग्रेजी में पहले परिवार के लोगों के लिए सॉरी लिखा और फिर अपने इस कदम के लिए माफी मांगी। अंतिम लाइन में रिया ने मम्मी पापा को आई लव यू भी लिखा है।रिया अपने घर की सबसे बड़ी और होनहार बेटी थी। रिया ने 12वीं परीक्षा में 97.6 फीसदी अंक हासिल किए थे और वह 21 जून को होने वाली री-नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। रिया देहरादून के चंद्रबनी इलाके में रहती थीं। उनके पिता राजेश मल्ल कारगिल युद्ध में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। फिलहाल वह देहरादून कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। वहीं माता गृहणी हैं।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधायक प्रीतम सिंह ने घटना पर दुख जताया है। प्रीतम सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, कारगिल युद्ध के योद्धा रहे पूर्व सैनिक और देहरादून कांग्रेस के साथी राजेश मल्ल की होनहार बेटी रिया कुमारी थापा ने नीट पेपर लीक से आहत होकर अपनी जीवनलीला को समाप्त कर लिया। इस भ्रष्ट सिस्टम और पेपर लीक ने एक होनहार बच्ची की जान ले ली। 12वीं कक्षा में 97.6ः अंक हासिल करने वाली मेधावी और प्रतिभाशाली छात्रा रिया ने हाल ही में नीट का पेपर दिया था जो काफी अच्छा रहा था। लेकिन लीक होने के कारण पेपर कैंसिल होने की पीड़ा वो सहन नहीं कर सकी और दुर्भाग्यपूर्ण कदम उठा लिया।पुलिस का कहना है कि परिजनों के अनुसार रिया के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं नजर आ रहा था। रिया हमेशा की तरह पढ़ाई में जुटी हुई थी। सीओ सदर अंकित कंडारी ने एनबीटी ऑनलाइन को बताया कि परिवार वालों ने पूछताछ में बताया कि बीते सोमवार रात में परिवार जागरण से घर लौटा। रिया भी साथ में थी। सबने खाना खाया। उसके बाद रिया अपने कमरे में चली गई।
परिवार ने बताया कि सुबह घर वाले काफी देर तक रिया का इंतजार करते रहे। परिजनों के अनुसार रिया रात में पढ़ाई करती थी, तो उन्हें लगा कि रिया सो रही होगी। जब बहुत देर तक वह बाहर नहीं आई तो घर वालों ने दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक जब रिस्पांस नहीं मिला, तो पिता ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर रिया फंदे पर लटकी मिली। परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
