बनभूलपुरा से 50 हजार से ज्यादा लोगों को हटाने की तैयारी, मोर्चा संभालने यूपी से आएंगे RPF जवान
- सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर रेलवे भूमि खाली कराने की तैयारी
- उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में आरपीएफ जवान हल्द्वानी पहुंचेंगे
- बनभूलपुरा में 50,000 से अधिक आबादी प्रभावित होने की आशंका
हल्द्वानी। बहुचर्चित बनभूलपुरा बनाम रेलवे मामले में सुप्रीम सुनवाई के बाद से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सुरक्षा बढ़ा दी है। आरपीएफ व जीआरपी जवान लगातार रेलवे स्टेशन की गश्त में लगे हैं। यदि सुप्रीम कोर्ट के रेलवे भूमि से कब्जा हटाने के निर्देश आते हैं, तो उत्तरप्रदेश से आरपीएफ के जवान मोर्चा संभालने हल्द्वानी पहुंच सकते हैं। इसकी तैयारियां हो रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशन से आरपीएफ फोर्स हल्द्वानी रेलवे स्टेशन से सटे बनभूलपुरा क्षेत्र पर अतिक्रमण हटाने आएगी। इसमें मुख्य तौर पर उत्तरप्रदेश के बनारस, गोरखपुर, मेलानी, लखनऊं, बरेली व कासगंज आदि से बड़ी मात्रा में आरपीएफ के जवान हल्द्वानी पहुंचेंगे।
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में यदि ज्यादा दिक्कतें आई, तो आरपीएफ की कंपनी को बुलाया जा सकता है। इस कंपनी में कमान्डेंट, इन्सपेक्टर, सब-इन्सपेक्टर समेत करीब 120 जवान होते हैं। इस दौरान राज्य की पुलिस भी मौके पर तैनात रहेगी।
दरअसल, बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे के दावे के अनुसार करीब 31 हेक्टेयर भूमि उसकी है। यह मामला करीब 10 वर्षों से हाइकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। अतिक्रमण की जद में आए बनभूलपुरा के इस क्षेत्र में 50 हजार से ज्यादा आबादी है। ऐसे में यदि इनके मकान हटाए जाऐंगे, तो माहौल बिगड़ने की संभावना है। इसी के दृष्टिगत रेलवे उत्तराखंड के साथ ही उत्तरप्रदेश से भारी फाेर्स बुलाने की तैयारी में हैं।
