जसपुर स्टैंड परिसर बदहाल, सड़क पर गड्ढे और जलभराव
काशीपुर। मुरादाबाद रोड स्थित जसपुर बस स्टैंड की सड़क बदहाल है। करीब 10 साल से सड़क को सुधारीकरण का इंतजार है। सड़क पर बने गड्ढे यात्रियों, राहगीरों और व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। बारिश के दौरान जलभराव होने से दिक्कत अधिक बढ़ गई है।
मुरादाबाद रोड स्थित बस स्टैंड परिसर में 16 दुकानें और 10 आवास हैं। इनका मुख्य रास्ता स्टैंड परिसर से होकर गुजरता है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि बारिश के दौरान परिसर में पानी भर जाता है। जलभराव होने से लोगाें को बाहर निकलने में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार नगर निगम प्रशासन और क्षेत्रीय पार्षद से इस संबंध में कह चुके हैं, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया।
