हल्द्वानी इन्टरनेट कस्टमर्स केयर के बहाने खाते से उड़ाए दो लाख रुपये
हल्द्वानी। इंटरनेट पर मिले कथित कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क करना एक युवक को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने स्क्रीन शेयरिंग के बहाने उसके बैंक खाते से दो लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित के पिता की तहरीर पर काठगोदाम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंटरनेट से खोजा था नंबर
पुलिस को दी गई शिकायत में ग्राम पसौली, पोस्ट रौशिला निवासी नारायण सिंह ने बताया कि उनके बेटे देवेन्द्र ने 25 मई को एक भुगतान संबंधी समस्या के समाधान के लिए इंटरनेट पर खोजकर एक कस्टमर केयर नंबर निकाला था। उसने उक्त नंबर पर संपर्क किया तो दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति ने मोबाइल स्क्रीन शेयर करने को कहा।
स्क्रीन शेयरिंग के बाद खाता खाली
आरोप है कि स्क्रीन शेयरिंग के बाद साइबर ठग ने मोबाइल फोन और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी का दुरुपयोग किया। इस दौरान देवेन्द्र के मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने लगे, जिससे उसे संदेह हुआ कि उसका फोन हैक कर लिया गया है। कुछ ही देर बाद उसके बैंक खाते से दो लाख रुपये रुपए निकाल लिए गए।
