रुद्रपुर में गैंगरेप कस्टडी से भागे दो आरोपी, लोगों की भीड़ ने दबोचकर लात-घूंसों से पिटाई कर पुलिस ने फिर दबोचा
रुद्रपुर: उत्तराखंड के चर्चित रुद्रपुर सामूहिक दुष्कर्म मामले में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस अभिरक्षा में ले जाए जा रहे दो आरोपियों ने भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा करते हुए दोनों को कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। इस दौरान मौके पर मौजूद आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों की पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और दोनों आरोपियों को सुरक्षित कोतवाली पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर क्राइम सीन रिक्रिएट कराने के लिए ले जाया गया था। वहां से वापस लौटते समय रास्ते में भारी भीड़ और यातायात का दबाव था। इसी दौरान पुलिस का वाहन अचानक बंद हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने बताया कि आरोपियों को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान दोनों ने पुलिस की पकड़ से छूटकर भागने का प्रयास किया।
आरोपियों के भागते ही पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर दोनों को दोबारा पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों के पकड़े जाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
लोगों ने दोनों आरोपियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। भीड़ आरोपियों को फांसी देने की मांग करते हुए नारेबाजी भी कर रही थी। कुछ लोगों ने आरोपियों पर लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने किया बल प्रयोग
स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को पीछे हटाया और दोनों आरोपियों को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस वाहन तक पहुंचाया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों आरोपियों को कोतवाली लाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते हस्तक्षेप नहीं करती तो आरोपियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था
