अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में आईटी ऑफिसर दिल्ली से गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

देहरादून। एसएसपी देहरादून की रणनीति के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत दून पुलिस ने अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक में करोड़ों रुपये के गबन और फर्जी ऋण स्वीकृति प्रकरण में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बैंक के तत्कालीन सॉफ्टवेयर इंजीनियर एवं वर्तमान में दिल्ली स्थित एक बैंक में आईटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत गणेश जैन को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये का गबन
कोतवाली नगर पुलिस के अनुसार अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक में कराए गए फोरेंसिक ऑडिट में वर्ष 2013 से 2016 के बीच बैंक के खातों और लेजर प्रविष्टियों में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आई थीं। जांच में पता चला कि तत्कालीन बैंक प्रबंधक महावीर सिंह ने बैंक के सॉफ्टवेयर इंजीनियर गणेश जैन और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी प्रविष्टियां कीं तथा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये का गबन किया।
मौजूदा शाखा प्रबंधक रिंकू गौतम की शिकायत पर कोतवाली नगर में धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने 20 जेसीबी मशीनों की खरीद दिखाकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक से 4 करोड़ 80 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया और धनराशि का गबन कर लिया। मामले में मुख्य आरोपी तत्कालीन बैंक प्रबंधक महावीर सिंह को गत 11 जून को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

You cannot copy content of this page