नैनीताल की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच जारी
नैनीताल। शहर के स्टाफ हाउस सात नंबर क्षेत्र में फांसी पर झूलती बीएससी की छात्रा की मौत से सनसनी फैल गयी। छात्रा घर पर छत पर लगी बल्ली से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार फॉरेंसिक टीम को बुला लिया है। फिलहाल छात्रा ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया पुलिस जांच में जुटी हुई है।जानकारी के मुताबिक स्टाफ हाउस सात नंबर निवासी 20 वर्षीय सिमरन आर्य डीसीबी परिसर में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा थी। यहां वह अपनी दादी के साथ रहती थी। सोमवार रात खाना खाने के बाद दादी भीतर तो सिमरन बाहर के कमरे में सोने चली गयी।
सुबह दादी उठकर आयी तो सिमरन भवन की बल्ली से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई मिली। यह देख दादी की चींख पुकार मच गई। चींखने की आवाज सुन पड़ोसी मदद को पहुंचे। लोगों की सूचना के बाद कोतवाल हेम चंद्र पंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे व शव को नीचे उतारा।
