पहले ही बरसात में टूटी सड़क की सुरक्षा दीवार
कालाढूंगी। निर्माणाधीन मंगोली-जलालगांव मोटर मार्ग पर बनाई गई सुरक्षा दीवार एक ही बरसात में भरभराकर गिर गई। मंगोली से जलालगांव तक लगभग 10 किमी लंबे इस मोटर मार्ग पर डामरीकरण के अलावा कॉजवे, सुरक्षा दीवार व कलमठों का कार्य किया जा रहा है। विभाग से 3 करोड़ 56 लाख का बजट पास होने के बाद पिछले वर्ष अप्रैल में सुरक्षा दीवार के साथ कलमठों का कार्य किया जा चुका है। डामरीकरण का कार्य मार्च माह में होना है। सुरक्षा दीवार कुछ दिन पूर्व क्षेत्र में हुई पहली बरसात में ही गिर गई है। इस कारण कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्न चिह्न लग रहे हैं। लोनिवि के सहायक अभियंता गोविंद सिंह जनौटी का कहना है कि कुछ सुरक्षा दीवारों को नुकसान हुआ है। ठेकेदार से इसे ठीक करने के लिए कह दिया गया है।
