पुलिस के संरक्षण में नशे की बिक्री,दमुवाढूंगा के लोगों का आक्रोश फूटा
हल्द्वानी। दमुवाढूंगा के वार्ड-36 जवाहर ज्योति के निवासियों ने शुक्रवार को शराब और स्मैक की बिक्री के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस बहुउद्देश्यीय भवन पहुंचकर एसपी सिटी मनोज कत्याल से मुलाकात की और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया
स्थानीय लोगों का कहना था कि क्षेत्र में खुलेआम नशा तस्करी हो रही है और युवा पीढ़ी इसकी गिरफ्त में है। उन्होंने बताया कि तस्करों में पुलिस का भय नहीं है। पार्षद तनुजा जोशी के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने एसपी सिटी को स्कूटी से शराब तस्करी की जानकारी दी। उन्होंने 11 मार्च की एक घटना का भी जिक्र किया, जब एक महिला ने स्मैक बेचते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा था। आरोप लगाया कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद कोई नहीं पहुंचा और तस्कर मौके से भाग निकले। थानाध्यक्ष काठगोदाम ने लोगों की ओर से बताए नशा तस्करी के स्थानों की सूची बनाई। वार्डवासियों ने एसपी सिटी मनोज कत्याल को बताया कि दमुवाढूंगा के अन्य वार्डों का भी यही हाल है। उन्होंने पुलिस पर नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। एसपी सिटी ने थानाध्यक्ष को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी सिटी से मिलने वालों में आनंद सिंह रावत, मन्नू गोस्वामी, आनंदी नेगी, नंदी देवी, कृष्णा राजपूत, रेनू बैरागी, लीलाधर पांडे, आनंद भाकुनी आदि रहे। एसपी सिटी कत्याल ने बताया कि मामले में कार्रवाई के लिए एसओजी और एएनटीएफ को लगाया जाएगा।
