काठगोदाम ट्रेन में बीएसएफ जवान की संदिग्ध मौत

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। रुड़की निवासी बीएसएफ में तैनात हेड कांस्टेबल काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में अचेत अवस्था में मिले।

उन्हें आनन-फानन में एसटीएच में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि वह ट्रेन में सफर के दौरान जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गए।

पुलिस के मुताबिक हरिद्वार जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के राजविहार कालोनी निवासी 53 वर्षीय सत्यपाल सिंह पुत्र नेतराम बीएसएफ की 20वीं बटालियन में जैसलमेर में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वह छुट्टी लेकर अपने घर रुड़की लौट रहे थे।

रविवार को जोधपुर से उन्होंने अपने बेटे को फोन कर ट्रेन से रवाना होने की जानकारी दी थी। अंदेशा जताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें नशीला पदार्थ दे दिया होगा, जिससे वह बेहोश हो गए। इस दौरान उनका मोबाइल फोन, पर्स, सामान और जरूरी दस्तावेज भी गायब हो गए।

सोमवार सुबह जीआरपी कर्मियों को काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर वह जैसलमेर से पहुंची ट्रेन के जरनल डिब्बे में अचेत अवस्था में मिले। उन्होंने 108 एम्बुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए एसटीएच भेजा। चिकित्सकों के अनुसार, जहरीले पदार्थ के अधिक असर और समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

You cannot copy content of this page