मुवानी-थल मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बाइक खाई में गिरने से दो युवकों की मौत, एक घायल
पिथौरागढ मुवानी-थल सड़क पर एक बाइक खाई में गिर गई। घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। तीनों युवक बाइक में सवार होकर थल से मुवानी जा रहे थे। तीनों युवक एक ही गांव के निवासी थे। एक साथ दो युवकों की मौत से पूरे गांव में कोहराम मचा है।
शनिवार दोपहर दो बजे थल क्षेत्र के मालासीमा गांव के तीन युवक प्रदीप ज्याला(24) पुत्र दरपान ज्याला, बॉबी सिंह देऊपा(19) पुत्र डिगर सिंह देऊपा और बलवंत सिंह भंडारी(25) पुत्र प्रमोद सिंह भंडारी बाइक से मुवानी जा रहे थे। चोपड़ा के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरे गधेरे में गिर गई। घटना में प्रदीप और बॉबी की वहीं पर मौत हो गई जबकि बलवंत गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से तीनों को गधेरे से निकाला। घायल को पीएचसी मुवानी भेजा जहां उसका इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष प्रकाश पांडे ने कहा कि दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने भी मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं एक साथ गांव के दो युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों में कोहराम है।
