क्षेत्र पंचायत निधि में अनियमितताओं पर ग्रामीणों का सरकार के खिलाफ. गुस्सा
अल्मोड़ा (स्याल्दे)। राज्य वित्त आयोग से स्वीकृत 2.50 लाख रुपये की क्षेत्र पंचायत निधि में अनियमितताओं पर जसपुर के ग्रामीणों में आक्रोश है। सोमवार को ग्रामीणों ने क्षेत्र पंचायत सदस्य जितेंद्र रजवार के नेतृत्व में विकासखंड मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारे लगाए। क्षेत्र पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह रजवार ने बताया कि राज्य वित्त आयोग से जसपुर के कोलूखेत तोक में मार्ग सुधार कार्य के लिए 2.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। इस राशि से मार्ग का सुधार किया जाना था लेकिन ठेकेदार ने महज चार से पांच घंटे जेसीबी चलाकर काम को अधूरा छोड़ दिया। विभागीय अधिकारियों के बिना स्थलीय निरीक्षण के इस राशि का भुगतान भी कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में पहले भी अधिकारियों को अवगत कराया गया था, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस दौरान ग्राम प्रधान जसपुर चंद्रा जोशी, पंकज जोशी, बालम सिंह, कांता बल्लभ, दुर्गा पाल, उमेश जोशी, शंकर राम, कमला रजवार, जयंती देवी, मीना रजवार आदि रहीं। ब्लॉक प्रमुख, मथुरा दत्त ने कहा कि कोलूखेत के ग्रामीणों ने सड़क सफाई के लिए धनराशि की मांग की थी। ब्लॉक प्रमुख निधि से 2.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। जिस फर्म ने कार्य किया उससे एक वर्ष का बॉन्ड है। कोलूखेत सड़क पर फर्म की तरफ से साफ-सफाई की गई। अगर एक वर्ष तक सड़क खराब होती है तो फर्म बिना धनराशि के कार्य करेगी।
