उत्तराखंड भाजपा 2027 चुनावी रणभूमि के लिए बिछाई बिसात

ख़बर शेयर करें

देहरादून। विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ भाजपा ने उत्तराखंड में अपनी संगठनात्मक बिसात बिछानी शुरू कर दी है।

बूथ स्तर तक संगठन को अधिक सक्रिय बनाने के लिए प्रदेश भाजपा ने 15 प्रमुख विभागों में नए संयोजकों और सह-संयोजकों की नियुक्ति कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति से गठित नई टीम को पार्टी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

चार से पांच सह-संयोजकों की भी नियुक्ति

प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी कुंदन परिहार की ओर से जारी आदेश में विभागों की जिम्मेदारी अलग-अलग नेताओं को सौंपी गई है। प्रत्येक विभाग में चार से पांच सह-संयोजकों की भी नियुक्ति की गई है, ताकि प्रदेश से लेकर जिला और मंडल स्तर तक विभागीय कार्यों की निगरानी और क्रियान्वयन प्रभावी ढंग से हो सके।

भाजपा की इस कवायद के तहत अब प्रत्येक विभाग की जवाबदेही तय होगी और उसके प्रदर्शन का सीधा असर चुनावी तैयारी पर पड़ेगा। पार्टी का मानना है कि इससे सरकार और संगठन के बीच समन्वय मजबूत होगा और निर्णयों का क्रियान्वयन पहले की तुलना में अधिक तेज और प्रभावी होगा। चुनावी वर्ष की शुरुआत से पहले भाजपा ने संगठन को विभागवार सक्रिय कर यह संकेत दे दिया है कि अब पार्टी का पूरा फोकस चुनाव प्रबंधन पर है।

You cannot copy content of this page