खुर्पाताल में खाई में गिरी गुजरात नंबर की थार, पांच युवक-युवतियां घायल,मौज,मस्ती करते जा रहे थे
नैनीताल । कालाढूंगी से नैनीताल की ओर आ रही गुजरात नंबर की एक थार खुर्पाताल स्थित मनसा देवी मंदिर के समीप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में थार सवार दो युवक और तीन युवतियां घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सुबह सभी जीजे 18 बीके 9777 कार से नैनीताल की ओर आ रहे थे। खुर्पाताल मनसा देवी मंदिर के समीप कार अनियंत्रित होने के बाद करीब 100 मीटर नीचे जाकर खाई में अटक गई। गनीमत रही कि वाहन झील में गिरने से बच गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला।
घायलों को उपचार के लिए बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक युवक और एक युवती को हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है सभी दर्शन के लिए कैंची धाम जा रहे थे।
