उत्तराखंड के शहरों में पारा 40 पार, लोग गर्मी से बेहाल; धधक उठे जंगल, एक की मौत

ख़बर शेयर करें

देहरादून: उत्तराखंड में भीषण गर्मी में जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आज देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भीषण गर्मी के चलते जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी हो रही है। प्रदेश में मैदानी जिलों के साथ-साथ पहाड़ भी तपने लगे हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। दिन चढ़ने के साथ-साथ सूरज के तेवर भी तल्ख हो रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ गई हैं। गुरुवार को एक दिन में 500 से अधिक फायर अलर्ट जारी किए गए। जंगलों में भीषण आग लगने से एक मौत की भी खबर है।

प्रदेश के शहरों में दिन के समय लोगों के आवाजाही भी कम हो गई है और सड़कें सूनी होने लगी हैं। गुरुवार को भी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में तेज धूप और गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। वहीं, चमोली जनपद में बुधवार की रात जंगल में लगी आग बुझाने गए फायर वॉचरों में से एक की खाई में गिरने से मौत हो गयी। इन दिनों शाम के समय भी गर्म हवाएं पसीने छुड़ा रही हैं।

तेज हवाओं का अलर्ट

प्रदेश में जारी भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है कि आज पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाई चल सकती हैं। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर पर्वतीय क्षेत्रों के तापमान में भी दिखाई देगा। प्रदेश भर में अगले तीन दिन के बाद अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का अनुमान है।

You cannot copy content of this page